मिशन शक्ति फेज-5 के तहत कस्तूरबा गांधी विद्यालय से निकली जागरूकता रैली

पाली (हरदोई)। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को लेकर चल रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5 के तहत शुक्रवार को पाली थाना पुलिस ने जागरूकता रैली निकाली। यह रैली कस्तूरबा गांधी कन्या आवासीय विद्यालय, सांडीखेड़ा से शुरू होकर निजामपुर पुलिया तक निकाली गई।

रैली में महिला उप निरीक्षक आकांक्षा सिंह, आरक्षी संगीता व गुरजीत ने छात्राओं को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। उन्हें 1090, 112, 181 जैसे हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया गया और यह संदेश दिया गया कि संकट की स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता प्राप्त की जा सकती है।

छात्राओं को आत्मरक्षा, सामाजिक कुरीतियों से बचाव और शिक्षा के महत्व पर भी जागरूक किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां छात्राओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने में मददगार हैं।

मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत निकाली गई यह रैली छात्राओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास जगाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम पहल साबित हुई।