
टड़ियावां (हरदोई)।
मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत हरियावां थाना पुलिस द्वारा ब्लॉक टड़ियावां के ग्राम लिलवल में महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाने हेतु गोष्ठी आयोजित की गई। इस अवसर पर थानाध्यक्ष वीरबहादुर सिंह ने कहा कि “महिलाओं को अपने आत्मसम्मान से कभी समझौता नहीं करना चाहिए। समाज में सशक्त बनकर ही वे अपनी पहचान कायम कर सकती हैं।”
उन्होंने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 और 1090 पर संपर्क करें। इस दौरान उपनिरीक्षक रामवतार, आरक्षी सौरभ कुमार और महिला आरक्षी पल्लवी ने भी महिलाओं को सुरक्षा उपायों और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी।
गोष्ठी में ग्राम प्रधान आवेश गाजी सहित ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में टडियावां थाने में भी मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने जीआईसी छात्राओं को थाने के विभिन्न पटलों का भ्रमण कराया और उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली से अवगत कराया।
थानाध्यक्ष ने छात्राओं से संवाद करते हुए कानून की जानकारी साझा की और उन्हें आत्मरक्षा के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं को बिस्किट और जूस वितरित किए गए।