सद्भाव समिति के सभापति बने एमएलसी सी.पी. चन्द

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने परिषद की 16 समितियों का गठन किया है। इसमें युवा एमएलसी सी.पी. चन्द को संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति का सभापति मनोनीत किया गया है। वहीं बाराबंकी के एमएलसी अंगद कुमार सिंह को प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति का सभापति बनाया गया है।

दोनों जनप्रतिनिधियों के मनोनयन पर गांधीवादी चिंतक एवं समाजसेवी राजनाथ शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गोरखपुर से एमएलसी सी.पी. चन्द का बाराबंकी और गांधी जयंती समारोह ट्रस्ट की गतिविधियों से गहरा जुड़ाव रहा है। वे गांधी जयंती समारोह के संरक्षक भी हैं और हर आयोजन में उनका मार्गदर्शन व सहयोग रहता है।

राजनाथ शर्मा ने बताया कि सी.पी. चन्द के पिता स्व. मार्कण्डेय चन्द न सिर्फ विधानसभा सदस्य रहे, बल्कि मंत्री भी रहे और उनका भी बाराबंकी से गहरा स्नेह था। सी.पी. चन्द ने राजनीति में अपने पिता की छवि को आत्मसात करते हुए जनता का दिल जीता है और एक जनप्रतिनिधि के तौर पर अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने आगे कहा कि सी.पी. चन्द सरकार और प्रशासन के साथ मिलकर जनता की समस्याओं का समाधान तत्परता से कराते हैं। वे प्रचार से अधिक तत्काल एक्शन में विश्वास रखते हैं और अपनी कुशल कार्यशैली व दूरदर्शी सोच से जनता की आवाज बनकर नई पहचान बना रहे हैं।