मोहम्मदी में विद्यालय प्रबंधकों की बैठक, दिशा-निर्देशों पर बना रहा सस्पेंस

मोहम्मदी, लखीमपुर खीरी। तहसील मोहम्मदी के सभागार में उपजिलाधिकारी मोहम्मदी की अध्यक्षता में क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधकों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा होने की बात सामने आई है, लेकिन बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों को लेकर प्रशासन की ओर से कोई भी आधिकारिक जानकारी मीडिया को उपलब्ध नहीं कराई गई।
बैठक समाप्त होने के बाद जब उपजिलाधिकारी मोहम्मदी से दिशा-निर्देशों के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो उनके सीयूजी नंबर पर की गई कॉल रिसीव नहीं की गई। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका कि बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा हुई और क्या-क्या निर्णय लिए गए।
सूत्रों के अनुसार बैठक में विद्यालयों के संचालन, अनुशासन व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों से जुड़े विषयों पर मंथन किया गया। हालांकि, प्रशासन की ओर से अधिकृत बयान न मिलने के कारण स्थिति पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है। मीडिया को अब उपजिलाधिकारी स्तर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।