श्रमिक बस्ती नैनी में निर्माण विवाद से भड़का बवाल: मारपीट–पथराव, महिलाओं से बदतमीजी; कानून-व्यवस्था पर सवाल

प्रयागराज। नैनी की श्रमिक बस्ती में निर्माण को लेकर उठा विवाद सोमवार को भारी बवाल में तब्दील हो गया। तीन दिन पहले शुरू हुआ तनाव दिनदहाड़े मारपीट, पथराव और सिर फुटव्वल में बदल गया। श्रमिक बस्ती के बगल स्थित जीईसी श्रम हितकारी केंद्र के पास निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए।

नैनी क्षेत्र के धनुहा, देवरख और अरैल से आए दबंगों ने श्रमिक बस्ती के लोगों पर हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं से बदतमीजी की और घरों में घुसकर लोगों को पीटा। पथराव का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों की तस्वीरें साफ दिखाई दे रही हैं।

जानकारी के अनुसार, विवाद लिंटर डालने को लेकर शुरू हुआ था। मारपीट में कई महिलाएं घायल हुईं, वहीं पीएसी के एक सिपाही का सिर फूट गया। कई लोगों के हाथ–पैर में गंभीर चोटें आई हैं। तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को शांति भंग में चालान कर जमानत पर छोड़ दिया था।

जमानत के बाद एक पक्ष ने धनुहा चाका से लोगों को बुलवाकर अवैध निर्माण शुरू किया, जिसके बाद दोबारा विवाद भड़क उठा। सड़क पर लंबे समय तक ईंट-पत्थर, लात-घूंसे चलते रहे।

सरेआम हुई दबंगई और गुंडागर्दी से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों के लोग नैनी थाने में मौजूद थे। यह घटना पुलिस की कार्यवाही और नैनी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।