
लखनऊ। लखनऊ के नाका थानाक्षेत्र स्थित बाजार में मंगलवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सामान के दो गोदामों से अचानक तेज धुआं निकलने लगा, जिसे देख आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल-112 और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू, शटर तोड़कर बुझाई गई आग
सूचना मिलते ही हजरतगंज और आलमबाग फायर स्टेशन से दो-दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने पहले बाहर से ही आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन धुआं अधिक होने के कारण स्थिति पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। धुआं कम होने के बाद टीम ने गोदाम का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 40 मिनट से ज्यादा की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका है।
इलेक्ट्रॉनिक गोदाम को सबसे ज्यादा नुकसान
इस आग की घटना में महिमा इलेक्ट्रॉनिक नामक गोदाम को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। गोदाम के अंदर रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
अतिरिक्त गाड़ियां बुलानी पड़ीं
फायर स्टेशन ऑफिसर के मुताबिक आग की सूचना कंट्रोल रूम से प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंचने पर आग काफी विकराल रूप में थी, जिसके चलते अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाना पड़ा। उन्होंने बताया कि गोदाम का शटर बंद होने के कारण आग बुझाने में काफी कठिनाई हुई, लेकिन बाद में शटर तोड़कर स्थिति को नियंत्रित किया गया।