रामनगर तहसील में नवागत तहसीलदार व नायब तहसीलदार से वकीलों का परिचय, बार-बेंच समन्वय पर हुई चर्चा


रामनगर। नवागत तहसीलदार विपुल सिंह एवं नायब तहसीलदार विजय कुमार तिवारी के सम्मान में अधिवक्ताओं की एक परिचयात्मक बैठक तहसील सभागार में संपन्न हुई। बैठक में बार-बेंच समन्वय के माध्यम से त्वरित और प्रभावी न्याय व्यवस्था को साकार करने पर गहन चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता बार अध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित ने की, जबकि संचालन बार महामंत्री सुरेश चंद्र मिश्रा द्वारा किया गया। बैठक के दौरान अधिवक्ता सुरेश त्रिपाठी और शिव प्रकाश अवस्थी ने तहसील की व्यावहारिक समस्याओं पर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने मांग की कि लेखपालों की उपस्थिति सप्ताह में कम से कम एक दिन तहसील परिसर में सुनिश्चित की जाए।

तहसीलदार विपुल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ताओं एवं प्रशासनिक अधिकारियों के आपसी सहयोग से व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है। बार और बेंच के सामंजस्य से न केवल न्याय में गति आएगी, बल्कि तहसील की जमीनी समस्याओं का भी समाधान हो सकेगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता युगुल किशोर मिश्रा, शिव कुमार सिंह, परम हंस मिश्रा, राम मोहन शुक्ला, संत कुमार उपाध्याय, बी.डी. चौधरी, राम कुमार सोनी, राम चंद्र शुक्ला, अरविन्द निगम सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।