नेपालगंज में दबोचे गए दो चोर, एक भारतीय भी शामिल

बहराइच। रुपईडीहा के पड़ोसी नेपाली जिला बांके मुख्यालय नेपालगंज में स्थानीय लोगों ने एक नेपाली और एक भारतीय चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। तलाशी में उनके पास से 2,097 गोलियों के खाली खोखे बरामद हुए।

नेपालगंज उप महानगर पालिका वार्ड नंबर 3 एक्लैनी में चोरों ने पत्थर फेंककर बिजली के खंभे की लाइट तोड़ने का प्रयास किया। शोर सुनकर वार्ड अध्यक्ष अयूब सिद्दीकी समेत मोहल्लेवासी जाग गए और मौके पर पहुंच गए। भीड़ ने एक चोर को दबोच लिया जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। बाद में बोरा लेकर कूड़ा उठाने के बहाने आए एक और चोर को भी लोगों ने पकड़ लिया। उसके बोरे से गोलियों के खाली खोखे बरामद हुए।

बांके जिले के डीएसपी व पुलिस प्रवक्ता दीपक पातली ने बताया कि पकड़े गए चोरों में एक बर्दिया जिले का निवासी है जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश के रुपईडीहा थाने के बाबागंज गांव का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि पिछले 15 दिनों से नेपालगंज में विभिन्न स्थानों पर धमकी भरी पर्चियां चिपकाई जा रही थीं। फिलहाल दोनों चोरों से पूछताछ जारी है।