नेपाल हालात पर यूपी में हाई अलर्ट, सीमावर्ती जिलों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात

नेपाल में बिगड़ते हालात को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने नेपाल से सटे सभी सीमावर्ती जिलों की पुलिस को 24 घंटे हाई अलर्ट पर रहने के आदेश दिए हैं।

सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था के अधीन एक विशेष नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यहां तीन हेल्पलाइन नंबर और एक व्हाट्सएप नंबर 24×7 संचालित रहेंगे, जिनके जरिए सीधे मदद ली जा सकेगी।

हेल्पलाइन नंबर:

  1. 0522-2390257
  2. 0522-2724010
  3. 9454401674
    WhatsApp: 9454401674

पुलिस मुख्यालय की सोशल मीडिया इकाई को भी सतर्क रहने और नेपाल से संबंधित संवेदनशील सूचनाओं व पोस्टों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने कहा है कि राज्य की कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों को हरसंभव मदद पहुंचाने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।