निघासन विधानसभा में अनुराग पटेल ने आयोजित की पीडीए पंचायत

निघासन, खीरी। विधानसभा क्षेत्र निघासन में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष अनुराग पटेल ने अपने निवास स्थान ग्राम कुर्मिनपुरवा में समाजवादी पुरोधाओं डॉ. राममनोहर लोहिया और श्रद्धेय नेता जी की पुण्यतिथि पर पीडीए जन पंचायत का आयोजन किया। कार्यक्रम में अतिथियों ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, डॉ. राम मनोहर लोहिया और धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

पूर्व जिला अध्यक्ष अनुराग पटेल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं को माला पहनाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा ने कहा कि निघासन क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा और बाढ़ से निजात दिलाने का प्रयास होगा। जिला अध्यक्ष रामपाल यादव ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संदेश दिया, जबकि प्रदेश सचिव गुरुप्रीत जॉर्जी ने डॉ. लोहिया और मुलायम सिंह यादव की विचारधारा पर प्रकाश डाला।

अनुराग पटेल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ के कार्यकर्ताओं के सम्मान के बिना पार्टी मजबूत नहीं हो सकती। उन्होंने सभी से 2027 में समाजवादी सरकार बनाने के लिए एक जुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष गुरुनिवज सिंह नाजी, मजदूर सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार, विधानसभा उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम, महिला सभा की अध्यक्ष पिंकी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाजवादी पार्टी के नेता उपस्थित रहे।