
निघासन-खीरी। नगर पंचायत कार्यालय निघासन के मुख्य गेट पर बना सार्वजनिक शौचालय इन दिनों बदहाल स्थिति में नजर आ रहा है। सांसद निधि से निर्मित इस शौचालय में साफ-सफाई का अभाव साफ दिखाई दे रहा है। शौचालय के अंदर और बाहर गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे आसपास का वातावरण भी दूषित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से यहां नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है। शौचालय के बाहर भी गंदा पानी और कचरा फैला हुआ है, जिससे वहां से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है, जबकि यह शौचालय मुख्य मार्ग और बस स्टॉप के पास स्थित होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं।
नगरवासियों का कहना है कि इस तरह की गंदगी से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। खासकर गर्मी और बरसात के मौसम में हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक शौचालय की नियमित साफ-सफाई कराई जाए और समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आम लोगों को स्वच्छ सुविधा मिल सके।
वहीं इस मामले में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिनेश शुक्ला का कहना है कि यह सार्वजनिक शौचालय बस स्टॉप के पास बना है, इसलिए यहां शौच करने वालों की संख्या अधिक रहती है। उन्होंने बताया कि शौचालय की सफाई नियमित रूप से कराई जाती है।