उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल का सघन टिकट चेकिंग अभियान, 557 यात्रियों से ₹4 लाख से अधिक जुर्माना वसूला

लखनऊ।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल यात्रियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने हेतु नियमित रूप से टिकट चेकिंग अभियानों का संचालन कर रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा के दिशा-निर्देश में 19 जून 2025 को विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी की उपस्थिति में गाड़ी संख्या 13010 दून एक्सप्रेस और 19168 साबरमती एक्सप्रेस में यह अभियान संचालित हुआ। इस दौरान 557 बिना टिकट या अनियमित टिकट यात्रियों को यात्रा करते पाया गया, जिनसे ₹4,01,170 का जुर्माना वसूला गया।

लखनऊ मंडल ने 1 जून से 18 जून 2025 तक कुल 77,384 यात्रियों को बिना टिकट या अनियमित टिकट के यात्रा करते पकड़ा है, जिनसे ₹5,37,76,626 का राजस्व बतौर जुर्माना वसूला गया। अभियान के दौरान यात्रियों को जागरूक करते हुए समझाया गया कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें।

मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि लखनऊ मंडल अपने यात्रियों की सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा के लिए कृतसंकल्पित है। इन विशेष अभियानों का उद्देश्य न केवल अनियमितताओं पर नियंत्रण पाना है, बल्कि रेल राजस्व में वृद्धि करना और यात्री अनुशासन को सुदृढ़ करना भी है।