
लखनऊ। लखनऊ स्थित विधानसभा कक्ष में पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज मंत्री ओम प्रकाश राजभर और राज्य मंत्री (अल्पसंख्यक कल्याण, वक्फ एवं हज) दानिश आजाद अंसारी की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मदरसों की शिक्षा व्यवस्था, विभिन्न आयोगों और बोर्डों में रिक्त पदों पर नियुक्तियों के साथ-साथ शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
PMJVK परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं की प्रगति का भी आकलन किया गया। वक्फ एवं हज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 92 निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाए। इसके अलावा विभागीय योजनाओं के अधिक से अधिक स्थलीय निरीक्षण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
विभागीय मामलों और नियमावली में संशोधन पर भी मंथन
समीक्षा बैठक में विभागीय अधिकारियों के खिलाफ लंबित और अनिस्तारित मामलों की स्थिति पर चर्चा की गई। साथ ही वक्फ नियमावली और उत्तर प्रदेश मदरसा अरबी-फारसी मान्यता/प्रशासनिक सेवा नियमावली, 2016 में प्रस्तावित संशोधनों पर भी विचार-विमर्श हुआ। मंत्रियों ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए समय-समय पर प्रगति से अवगत कराया जाए।
वरिष्ठ अधिकारियों की रही मौजूदगी
बैठक में प्रमुख सचिव संयुक्ता समाद्दार, विशेष सचिव, संयुक्त सचिव, वित्त एवं लेखा अधिकारी, संयुक्त निदेशक, उपनिदेशक और रजिस्ट्रार, मदरसा शिक्षा परिषद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।