ऑपरेशन मुस्कान: पिहानी से लापता दो बच्चे बरामद

हरदोई, पिहानी। पिहानी में ऑपरेशन मुस्कान के तहत लापता हुए दो बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया है। पुलिस टीम ने ढाई घंटे की तलाश के बाद बच्चों को उनकी मां के सुपुर्द किया।

जानकारी के अनुसार, थाना मझिला निवासी शबनम अपने पति सलमान के साथ पिहानी के हबीबा अस्पताल में इलाज के लिए आई थीं। इसी दौरान उनके दो बच्चे, सदब और अनम, अचानक अस्पताल से लापता हो गए।

सूचना मिलते ही महिला उप निरीक्षक रिचा यादव के नेतृत्व में प्रफुल्ल यादव, जगतपाल और विनोद यादव की टीम ने तुरंत खोजबीन शुरू की। लगभग ढाई घंटे की मेहनत और गहन तलाश के बाद बच्चों को करावा रोड से सकुशल बरामद किया गया और उनकी मां शबनम को सौंप दिया गया।

पुलिस की तत्परता और अभियान के सफल संचालन से परिवार में खुशी का माहौल बन गया।