
हरदोई पचदेवरा। मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को पचदेवरा थानाध्यक्ष और उनकी टीम ने अनंगपुर चौराहा स्थित श्री बृजराज सिंह इंटर कालेज का भ्रमण कर छात्राओं को सुरक्षा और सशक्तिकरण के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया।
कालेज प्रबंधक सोमेन्द्र सिंह स्वामी और प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह ने थानाध्यक्ष और टीम का सरस्वती का चित्र भेंट कर एवं पटका पहनाकर स्वागत किया। इसके पश्चात छात्राओं को महिला सुरक्षा के महत्वपूर्ण उपायों और सरकारी हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों में 1090, 112, 1098, 1076, 1930, 108 शामिल थे।
थानाध्यक्ष शिव नरायन सिंह ने छात्राओं को साइबर फ्रॉड और साइबर क्राइम के खतरों के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही गुड टच-बैड टच की समझ, मार्शल आर्ट की विभिन्न विधाएँ और पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जागरूकता बढ़ाई गई। छात्राओं से अपील की गई कि वे किसी भी अपराध या शोषण के खिलाफ निडर होकर आवाज उठाएं और समाज में जागरूकता फैलाने में अपनी भूमिका निभाएं। छात्राओं ने अपने सवाल पूछकर विभिन्न परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के तरीकों को भी समझा।
कार्यक्रम के अंत में थानाध्यक्ष और प्रधानाचार्य ने छात्राओं को शील्ड देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह, प्रबंधक सोमेन्द्र सिंह स्वामी, एसआई होरीलाल गंगवार, एसआई विकास अवस्थी, महिला कांस्टेवल कविता, प्रियंका आजाद, कांस्टेवल अजय, अवधेश और कालेज स्टाफ उपस्थित रहे।