
लखीमपुर खीरी, 06 दिसंबर। तहसील सदर क्षेत्र के धान क्रय केंद्रों का गुरुवार को एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने औचक निरीक्षण किया। बी पैक्स बसहा व एसएस बसहा मुरादनगर गोदाम में संचालित केंद्रों पर अचानक पहुंचने से कर्मचारियों में खामोशी और तेजी दोनों देखी गई। इस मौके पर डिप्टी आरएमओ नमन पांडेय भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने खरीद प्रगति, तौल व्यवस्था और किसानों को दी जा रही सुविधाओं की जांच की। कुछ केंद्रों पर लापरवाही और प्रक्रिया में ढिलाई सामने आई, जिस पर उन्होंने केंद्र प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और उन्हें आश्वासन दिया कि सभी किसानों को समय पर, पारदर्शी और परेशानी रहित धान खरीद की सुविधा मिलेगी।