
पलियाकलां-खीरी। पलिया क्षेत्र में यूरिया खाद की किल्लत लगातार बनी हुई है, जिससे किसान गंभीर परेशानियों का सामना कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि जिले में सबसे अधिक खाद संकट पलिया क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। इसका प्रमुख कारण पलिया स्थित बजाज चीनी मिल द्वारा समय-समय पर किसानों का गन्ना भुगतान न किया जाना बताया जा रहा है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है और वे समय पर खाद नहीं खरीद पा रहे हैं।
वर्तमान हालात यह हैं कि पलिया नगर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की अधिकांश खाद दुकानों पर यूरिया उपलब्ध नहीं है। खाद की कमी के चलते शनिवार को पलिया नगर के पटिहन रोड स्थित एग्री जंक्शन केंद्र पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही किसान लंबी कतारों में खड़े होकर खाद मिलने का इंतजार करते नजर आए।
एग्री जंक्शन केंद्र के संचालक उमेश शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में खाद की किल्लत के चलते किसानों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध स्टॉक का वितरण शासन के निर्देशों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ किया जा रहा है और लाइन में लगे सभी किसानों को बारी-बारी से खाद उपलब्ध करा दी जाएगी।
वहीं किसानों का कहना है कि यदि शीघ्र ही यूरिया खाद की आपूर्ति सुचारु नहीं हुई और गन्ना भुगतान भी नहीं मिला तो फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि पलिया क्षेत्र में खाद की आपूर्ति बढ़ाई जाए, ताकि समय पर कृषि कार्य पूरे किए जा सकें और उन्हें राहत मिल सके।