नेताजी मुलायम सिंह यादव की जयंती पर पलिया में कार्यक्रम, प्रदेश सचिव रेहान ख़ान रहे मुख्य अतिथि; दिव्यांगजनों को वितरित की गईं ट्राईसाइकिलें

लखीमपुर खीरी। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव (नेताजी) की जयंती के अवसर पर शनिवार को पलिया विधानसभा कार्यालय में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष महमूद हुसैन ने की। शुरुआत नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्प अर्पण और दो मिनट के मौन के साथ हुई। सुबह से ही कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा और लोग बड़ी संख्या में नेता जी को श्रद्धांजलि देने पहुँचे।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सचिव रेहान ख़ान मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव का संपूर्ण जीवन संघर्ष, सादगी और समाज के अंतिम व्यक्ति की चिंता से प्रेरित रहा। उन्होंने कहा कि नेताजी ने हमेशा किसान, गरीब, मजदूर और वंचित वर्गों के हितों को सर्वोच्च स्थान दिया। उनके अनुसार, नेताजी की वास्तविक शक्ति जनता का भरोसा और संगठन की मजबूती थी।
रेहान खान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाजवादी विचारधारा को घर–घर तक पहुँचाना ही नेताजी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर मैदान में सक्रिय रहने की अपील की।

विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रत्याशी कक्कू ने कहा कि नेताजी ने हमेशा कार्यकर्ताओं को सम्मान, विश्वास और परिवार-जैसा अपनापन दिया। उन्होंने बताया कि नेताजी का सरल, संघर्षशील और प्रेरणादायक जीवन नई पीढ़ी के लिए एक आदर्श है, जिसे आत्मसात करने की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में पलिया विधानसभा अध्यक्ष जावेद अख़्तर, ब्लॉक महासचिव राजा खान, सईद अहमद, संजीव मिश्रा, शरीफ, चंदन चौकी, विधानसभा उपाध्यक्ष रिजवान खान, महमूद गाज़ी, कलीम, मोनू, अज़हर ख़ान, लक्ष्मी गौतम, नाज़िम अली सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान समाजवादी कार्यकर्ताओं में उत्साह और नेता जी के प्रति गहरी भावनाओं का माहौल देखने को मिला।

जयंती को सेवा दिवस के रूप में मनाने के तहत कार्यक्रम में आधा दर्जन दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिलें वितरित की गईं। ट्राईसाइकिल प्राप्त कर लाभार्थियों और उनके परिवारों ने प्रदेश सचिव रेहान ख़ान का आभार व्यक्त किया। इस पर उन्होंने कहा कि “यह धन्यवाद की बात नहीं है, यह समाजवादियों का कर्तव्य है। नेताजी ने हमें जनता की सेवा का जो मार्ग दिखाया है, हम उसी पर चलते रहेंगे।”

कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण, गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।