पंचायत भवन परिसर में कोतवाली पुलिस टीम ने लगाई पुलिस चौपाल, ग्रामीणों को किया जागरूक

पंचायत भवन परिसर में कोतवाली पुलिस टीम ने लगाई पुलिस चौपाल, ग्रामीणों को किया जागरूक
असंद्रा, बाराबंकी। क्षेत्र के ग्राम पंचायत कादिरपुर स्थित पंचायत भवन अकबरपुर गांव में कोतवाली असंद्रा पुलिस टीम द्वारा पुलिस चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में कोतवाली प्रभारी आलोक मणि त्रिपाठी अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुशील जायसवाल भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
पुलिस चौपाल के दौरान उपस्थित महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं युवाओं को संबोधित करते हुए पुलिस टीम ने बच्चों को शिक्षा पर ध्यान देने, युवाओं को नशा मुक्त रहने तथा समाज में शांति व सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया। महिलाओं को उनकी सुरक्षा और आपात स्थिति में सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस द्वारा 112, 1090, 1098, 108, 102, 1076 एवं 181 जैसे महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
कोतवाली प्रभारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में बिना संकोच इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। पुलिस चौपाल के माध्यम से लोगों को कानून के प्रति जागरूक करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना ही उद्देश्य है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय ग्रामीण उपस्थित रहे।