
लखीमपुर खीरी, 03 जनवरी 2026।उत्तर प्रदेश शासन की मंशा के अनुरूप जनपद खीरी में पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा के निर्देशन में पति-पत्नी एवं पारिवारिक विवादों का सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केन्द्र में काउंसलरों के सहयोग से परामर्श अभियान निरंतर चलाया जा रहा है।
परिवार परामर्श केन्द्र में काउंसलर श्रीमती नीति गुप्ता, कय्यूम ज़रवानी, सुश्री क्षमा टंडन, महिला आरक्षी निकिता राठौर एवं मेहा सिंह द्वारा दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साझा गृहस्थी में निवास से संबंधित विवादों पर परामर्श किया गया। इस दौरान कुल 14 प्रार्थना पत्रों पर काउंसलिंग की गई, जिसमें 07 मामलों में पति-पत्नी आपसी सहमति से साथ रहने को तैयार हुए। 03 मामलों में अत्यधिक मनमुटाव होने के कारण दंपतियों को सोचने का समय दिया गया, जबकि 04 मामले माननीय न्यायालय में लंबित होने के कारण सुलह नहीं हो सकी।
मिशन शक्ति के अंतर्गत इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं उनके साथ आए परिजनों को महिला हेल्पलाइन नंबरों तथा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।