पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला तो पति ने जहर खाकर दी जान

कासगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र में पत्नी द्वारा दरवाजा न खोलने से क्षुब्ध होकर 47 वर्षीय पुष्पेंद्र सिंह पुत्र निहाल सिंह ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार पुष्पेंद्र सिंह कासगंज कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाथूराम ठंडी सड़क का निवासी था। मृतक के भाई ओंकार सिंह पुंढीर ने बताया कि पुष्पेंद्र शराब का सेवन करता था और उसकी पत्नी मधु अपने बच्चों के साथ पिछले पांच साल से लालपुर नई बस्ती में रह रही थी।

एक माह पूर्व उसकी बेटी साक्षी ने भी किसी बात को लेकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। बेटी की मौत के बाद से पुष्पेंद्र ठंडी सड़क स्थित पुराने घर में रहने लगा था। रविवार को वह पत्नी से मिलने लालपुर नई बस्ती गया, लेकिन पत्नी ने दरवाजा नहीं खोला।

निराश होकर पुष्पेंद्र ने वहीं पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर उसकी पत्नी ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।