पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य विनोद पटेल ने सूरतगंज सीएचसी और ब्लॉक का किया औचक निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान सीएचसी में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य विनोद कुमार पटेल

सूरतगंज, बाराबंकी। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य विनोद कुमार पटेल ने शनिवार को रामनगर के बाद सूरतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और ब्लॉक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं, विकास कार्यों और सार्वजनिक सेवाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।

सीएचसी में उन्होंने अधीक्षक डॉ. राजर्षि त्रिपाठी से सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों को दी जा रही सेवाओं, उपलब्ध दवाओं, चिकित्सा उपकरणों और स्टाफ की उपस्थिति की समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित लोगों से बात कर सेवा की गुणवत्ता को लेकर फीडबैक भी लिया।

इसके बाद उन्होंने सूरतगंज ब्लॉक में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। खंड विकास अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह ने उन्हें 15 ग्राम पंचायतों में चल रहे सर्वांगीण विकास कार्यों की जानकारी दी।

यूरिया संकट पर किसानों की शिकायत:
निरीक्षण के दौरान सहायक विकास अधिकारी सहकारिता आशाराम ने बताया कि क्षेत्र में यूरिया खाद की कोई किल्लत नहीं है, जबकि किसानों ने खाद की कमी को लेकर असंतोष जताया। इस पर आयोग सदस्य ने वास्तविकता की जांच कर उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

दिए आवश्यक निर्देश:
निरीक्षण के अंत में विनोद पटेल ने संबंधित अधिकारियों को पिछड़े वर्ग के हितों को प्राथमिकता देने, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने और समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित:
भाजपा जिला उपाध्यक्ष शेखर हयारण, सहायक विकास अधिकारी पंचायत राजेन्द्र प्रसाद यादव, बेलहरा मंडल अध्यक्ष करुणा शंकर शुक्ला, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सुनील वर्मा, सहित ब्लॉक और सीएचसी के कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।