पिकअप–बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, पत्नी गंभीर घायल

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र के जगदीशपुर–सवायजपुर मार्ग पर न्यूरादेव पुलिया के पास शनिवार को पिकअप और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस (यूपी 32 एफजी 0169) से ईएमटी विवेक कुमार और पायलट राजेश ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी पत्नी का इलाज जारी है।
मृतक की पहचान देहात कोतवाली क्षेत्र के खुमारीपुर गांव निवासी जितेंद्र (30) पुत्र तकदीर के रूप में हुई है। जितेंद्र हरदोई में कॉस्मेटिक की दुकान पर मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह शनिवार को अपनी पत्नी मीना देवी (28) के साथ बाइक से अपनी बहन सुरभि पत्नी सुमित सिंह निवासी बसेंलिया, थाना लोनार जा रहा था। इसी दौरान न्यूरादेव पुलिया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान जितेंद्र की मौत हो गई, जबकि पत्नी मीना देवी का उपचार चल रहा है। मृतक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और अपने पीछे पत्नी व दो बेटियों को छोड़ गया है। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
लोनार थाना प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि हादसे की सूचना पर घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया था, जहां युवक की मौत हो गई। पत्नी का इलाज चल रहा है। पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।