हरदोई में प्रदर्शनी लगाकर पीएम मोदी का जन्मदिवस सेवा पखवाड़ा के रूप में मनाया गया

हरदोई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़ा की शुरुआत हरदोई में विशेष प्रदर्शनी के आयोजन से हुई। सूचना विभाग की ओर से शहीद उद्यान में लगाई गई इस प्रदर्शनी का उद्घाटन उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती एवं जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन के साथ फीता काटकर किया।

उद्घाटन से पूर्व सीडीओ सान्या छावड़ा ने अतिथियों का स्वागत बुके भेंट कर किया। प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, महिला सशक्तिकरण, स्टार्टअप व स्वरोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र की योजनाओं को आकर्षक पोस्टरों और प्रदर्शन सामग्रियों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि प्रदर्शनी से जनपदवासियों का ध्यान योजनाओं की ओर आकर्षित होगा और नागरिकों को सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं के उत्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य और देश के समग्र विकास को हमेशा प्राथमिकता दी है।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि सरकार विद्यालयों के उच्चीकरण और शिक्षा को और बेहतर बनाने पर जोर दे रही है। वहीं, भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कमजोर वर्गों के लिए विशेष योजनाएं चलाकर उनके जीवन स्तर में सुधार किया है। मुख्यमंत्री भी बच्चों को रोजगारपरक शिक्षा और युवाओं को उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने पर बल दे रहे हैं।

प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम ने छात्र-छात्राओं और नागरिकों से अपील की कि वे “समर्थ उत्तर प्रदेश – विकसित उत्तर प्रदेश 2047” अभियान के तहत लगाई गई इस प्रदर्शनी को देखें और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने प्रदर्शनी में लगे क्यूआर कोड स्कैन कर जानकारी प्राप्त करने तथा सेल्फी प्वाइंट पर फोटो लेकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने की भी अपील की।

इस अवसर पर अति. मजिस्ट्रेट अरुणिमा श्रीवास्तव, पूनम भास्कर, ईओ रामेन्द्र सिंह समेत कई अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।