पीएम सूक्ष्म उद्योग उन्नयन योजना के तहत तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

बाराबंकी। शहर मुख्यालय के रसूलपुर वार्ड स्थित राजकीय फल संरक्षण केंद्र में प्रधानमंत्री सूक्ष्म उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस कार्यक्रम में योजना के लाभार्थियों (बेनीफिशरी) को प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे स्वरोजगार और सूक्ष्म उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य, राजकीय खाद्य विज्ञान प्रशिक्षण केंद्र अयोध्या द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला उद्यान अधिकारी सैयद अहमद हुसैन ने प्रशिक्षण सत्र में उपस्थित लोगों को फल संरक्षण केंद्र की कार्यप्रणाली, फल-सब्जी प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन की तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उद्योग केंद्र से रूबी तथा खाद्य सुरक्षा विभाग से भगौती प्रसाद सहित अन्य विशेषज्ञों ने व्याख्यान देकर प्रधानमंत्री सूक्ष्म उद्योग उन्नयन योजना की विशेषताओं, लाभ, आवेदन प्रक्रिया और स्वरोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए इसे रोजगार सृजन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।