PNB सोल्जरथॉन 2026: 27 हजार से अधिक प्रतिभागियों के साथ देशभर में दिखा फिटनेस-देशभक्ति का उत्साह

देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) द्वारा आयोजित ‘पीएनबी सोल्जरथॉन 2026’ को लेकर देशभर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भारत के प्रमुख रनिंग इवेंट्स में तेजी से अपनी पहचान बना रहा यह मैराथन न केवल बढ़ती फिटनेस संस्कृति का प्रतीक बना, बल्कि राष्ट्रीय एकता की भावना को भी मजबूत करता नजर आया।

भारतीय सशस्त्र बलों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में “रन विद सोल्जर्स-रन फॉर सोल्जर्स” थीम के तहत 27,000 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें सैनिक, एथलीट, फिटनेस प्रेमी, पीएनबी कर्मचारी और समाज के विभिन्न वर्गों के नागरिक शामिल रहे। 1500 से अधिक वालंटियर्स की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और प्रभावशाली बना दिया।

नई दिल्ली में हुआ फ्लैग ऑफ

इस मैराथन का फ्लैग ऑफ नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया गया। कार्यक्रम में मिजोरम के राज्यपाल जनरल विजय कुमार सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी, डीएफएस सचिव एम. नागराजू (आईएएस), पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र सहित बैंक के वरिष्ठ प्रबंधन उपस्थित रहे।

पहल की सराहना, फिटनेस और राष्ट्रीय चेतना पर जोर

मुख्य अतिथियों ने पीएनबी के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सोल्जरथॉन जैसे आयोजन राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने, फिटनेस को बढ़ावा देने और नागरिक-सैन्य संबंधों को गहरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मिजोरम के राज्यपाल जनरल विजय कुमार सिंह ने इसे एक अत्यंत सफल आयोजन बताते हुए कहा कि इतने बड़े पैमाने पर 27,000 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी पीएनबी के प्रयासों की सफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में स्वास्थ्य, अनुशासन और सामुदायिक भावना को मजबूत करते हैं।

नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल फिटनेस और अनुशासन को प्रोत्साहित करते हैं, बल्कि सशस्त्र बलों के साहस और बलिदान को सशक्त श्रद्धांजलि भी देते हैं। वहीं डीएफएस सचिव एम. नागराजू ने भी इस पहल को राष्ट्रीय चेतना और नागरिक-सैन्य संबंधों को सुदृढ़ करने वाला बताया।

पीएनबी ने दोहराई राष्ट्र-निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता

पीएनबी के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय द्वारा स्थापित यह बैंक सेवा और राष्ट्र-निर्माण के लिए समर्पित है। सोल्जरथॉन इसी सोच का विस्तार है, जो समाज को सशस्त्र बलों के साहस और निस्वार्थ सेवा के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर देता है।

विजेताओं ने दिखाया दम

ओपन कैटेगरी में 21.1 किलोमीटर पुरुष वर्ग में सत्याम ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में नीता रानी विजेता रहीं। 10 किलोमीटर दौड़ में पुरुष वर्ग में गौरव और महिला वर्ग में संजना सिंह ने शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ को समर्पित रहा आयोजन

साल 2025 में साइबर सुरक्षा थीम पर आयोजित पहले संस्करण की सफलता के बाद, इस वर्ष का सोल्जरथॉन पीएनबी के 132वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में सशस्त्र बलों को समर्पित किया गया। यह आयोजन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के स्मरण में आयोजित हुआ, जो सैनिकों के साहस, लचीलेपन और समर्पण का प्रतीक है।

‘फिट इंडिया’ अभियान को मिला बढ़ावा

प्रधानमंत्री के ‘फिट इंडिया’ अभियान के अनुरूप, पीएनबी सोल्जरथॉन 2026 ने फिटनेस, राष्ट्रीय गौरव और सामूहिक कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में अहम योगदान दिया। आयोजन को अखिल भारतीय स्वरूप देने के लिए बैंक ने एक वर्चुअल मैराथन भी आयोजित की, जिसमें विभिन्न शाखाओं और कार्यक्षेत्रों के कर्मचारियों ने भाग लिया। इस पहल ने “एक टीम, एक मैराथन” की भावना को और मजबूत किया।