
पंजाब नेशनल बैंक ने विक्रेताओं के वित्तीय एक्सेस को बढ़ाने के उद्देश्य से गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (GeM) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत पीएनबी अब GeM सहाय पोर्टल पर ऋणदाता के रूप में शामिल हो गया है, जिससे प्लेटफॉर्म पर जुड़े विक्रेताओं को वित्तीय सहायता प्राप्त करने में आसानी होगी।
इस समझौते पर जेम सहाय के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं मुख्य विक्रेता अधिकारी अजीत बी. चव्हाण और पीएनबी के डिजिटल बैंकिंग ट्रांसफॉर्मेशन प्रभाग के महाप्रबंधक अतिश कुमार राउत ने हस्ताक्षर किए। इस पहल के जरिए विक्रेताओं को GeM पर प्राप्त क्रय आदेशों के आधार पर बिना किसी गारंटी के अल्पकालिक ऋण तक त्वरित पहुंच मिल सकेगी।
छोटे कारोबारों के लिए साझेदारी बेहद लाभकारी
इस सुविधा से विक्रेताओं की चलनिधि में सुधार होगा और नकदी प्रवाह से जुड़ी समस्याएं काफी हद तक कम होंगी। विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम तथा छोटे कारोबारों के लिए यह साझेदारी बेहद लाभकारी साबित होगी, क्योंकि इन्हें समय पर और सस्ती दरों पर औपचारिक ऋण प्राप्त करने में अक्सर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
तकनीक-आधारित खरीद पारितंत्र को बढ़ावा
डिजिटल और कागजरहित ऋण प्रक्रिया के माध्यम से यह पहल पारदर्शिता और दक्षता को भी बढ़ावा देगी। खरीद और वित्तपोषण के एकीकरण से कारोबार करने में सुगमता बढ़ेगी, विक्रेता नेटवर्क मजबूत होगा और एक समावेशी, तकनीक-आधारित खरीद पारितंत्र को बढ़ावा मिलेगा। यह कदम भारत सरकार के डिजिटल इंडिया विज़न को भी मजबूती प्रदान करता है।
मैनुअल प्रक्रियाओं में आएगी कमी
इस अवसर पर अतिश कुमार राउत ने कहा कि GeM के साथ यह साझेदारी डिजिटल इंडिया के लक्ष्य को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस पहल से मैनुअल प्रक्रियाओं में कमी आएगी और खरीद प्रणाली में पारदर्शिता, दक्षता तथा कारोबार करने में सुगमता को और मजबूत किया जा सकेगा।