
बहराइच। प्रमुख सचिव, खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले रणवीर प्रसाद ने जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं मुख्य विकास अधिकारी मुकेश चन्द्र के साथ महर्षि बालार्क चिकित्सालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस द्वारा निर्माणाधीन 50 बेडेड क्रिटिकल केयर यूनिट का अवलोकन कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यस्थल का निरीक्षण करते रहने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत प्रमुख सचिव ने निर्माणाधीन 60 बेडेड ऑर्थो वार्ड एवं नर्सिंग हॉस्टल का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीआरएनएन के अधिकारियों से निर्माण की स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों, गुणवत्ता और समयसीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।
निर्माण कार्यों के निरीक्षण के बाद प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद ने महर्षि बालार्क चिकित्सालय के इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, आईसीयू, हिंसक वन्यजीवों के हमलों में घायल व्यक्तियों के उपचार हेतु बनाए गए आइसोलेशन वार्ड सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, मरीजों एवं तीमारदारों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा मेडिकल कॉलेज की सेवाओं का भी जायजा लिया।
प्रमुख सचिव ने प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय खत्री एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एमएमएम त्रिपाठी को निर्देश दिए कि चिकित्सालय में आने वाले मरीजों को शासन द्वारा अनुमन्य सभी सुविधाएं सुनिश्चित रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि एक ऐसा दीर्घकालिक मास्टर प्लान तैयार किया जाए, जिससे यह मेडिकल कॉलेज भविष्य में एक आदर्श इकाई के रूप में विकसित होकर जनपद बहराइच एवं आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर से बेहतर चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कर सके।