
प्रयागराज। माघ मेला के प्रमुख स्नान पर्व माघी पूर्णिमा पर आज संगम तट पर आस्था का सैलाब उमड़ा। एक माह तक कल्पवास का कठिन संकल्प निभाने वाले लाखों कल्पवासी आज पवित्र स्नान कर माघ मेला से विदा होंगे और अपने-अपने घरों के लिए रवाना होंगे। इस अवसर पर संगम सहित सभी प्रमुख घाटों पर भोर से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई।

माघी पूर्णिमा के स्नान को लेकर श्रद्धालु एक दिन पहले से ही मेला क्षेत्र में पहुंचने लगे थे। रात से ही कल्पवासियों और स्नानार्थियों का तांता लगा रहा। स्नान के बाद कल्पवासी विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर अपने संकल्प की पूर्णाहुति कर रहे हैं। मान्यता है कि माघी पूर्णिमा के स्नान से पुण्य की प्राप्ति होती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है, वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। घाटों पर गोताखोरों की तैनाती, स्वास्थ्य शिविर और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि स्नान पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

माघी पूर्णिमा के साथ ही माघ मेला अपने समापन की ओर बढ़ रहा है और संगम तट पर एक माह तक चले कल्पवास का अध्याय आज श्रद्धा और भक्ति के साथ पूर्ण हो रहा है।