
नई दिल्ली। हरियाणा के करनाल में आज किसानों पर लाठीचार्ज हुआ। करनाल में भाजपा की खास बैठक होने वाली थी। किसानों ने रात को ही इस बैठक के विरोध का प्लान बना लिया था। किसानों पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने करनाल में किसानों पर लाठीचार्ज को लेकर हरियाणा सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की यह कार्रवाई ताबूत में कील का काम करेगी।
किसानों को लहूलुहान करती भाजपा सरकार
वाड्रा ने कहा कि किसान मेहनत करके खेतों में लहलहाती हुई फसल देते हैं। भाजपा सरकार अपना हक मांगने पर उन्हें लाठी से लहूलुहान करती है। किसानों पर पड़ी एक-एक लाठी भाजपा सरकार के ताबूत में कील का काम करेगी।
किसानों के शरीर से रिसते खून को तमाम नस्लें रखेगीं याद
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी इस लाठीचार्ज को लेकर हरियाणा सरकार पर हमला किया और कहा कि ‘खट्टर साहेब, आज करनाल में हर हरयाणवी की आत्मा पर लाठी बरसाई है। धरती के भगवान किसान को लहूलुहान करने वाली पापी भाजपाई सत्ता का दमन दानवों जैसा है। सड़कों पर किसानों के शरीर से रिसते खून को आने वाली तमाम नस्लें याद रखेगीं। याचना नहीं, अब रण होगा, जीवन-जय या मरण होगा।’