
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की बदहाल कानून व्यवस्था के खिलाफ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा धरना प्रदर्शन पर बैठ गई हैं। कांग्रेस की यूपी मामलों की प्रभारी प्रियंका लखनऊ में जीपीओ पर धरने पर बैठी हैं। पंचायत चुनाव में धांधली और प्रदेश में खराब कानून व्यवस्था को लेकर वे यह धरना दे रही हैं। गौरतलब है कि प्रियंका गांधी वाड्रा का पूरा ध्यान इस समय यूपी में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों पर केंद्रित है और पार्टी संगठन में जान फूंकने के लिए वह लगातार बैठकें कर रही हैं।

प्रियंका गांधी का पीएम पर सीधा हमला
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को कोविड-19 संकट से निपटने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा यूपी सरकार की प्रशंसा करने वाली बात पर हमला करते हुए कहा कि उनका “प्रमाण पत्र” कोरोना वायरस की दूसरी लहर के दौरान योगी आदित्यनाथ सरकार की “क्रूरता, लापरवाही और कुप्रबंधन” की सच्चाई को नहीं छुपा सकता है।

कांग्रेस सलाहकार परिषद व राजनीतिक ग्रुप के साथ की वर्चुअल बैठक
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उप्र कांग्रेस सलाहकार परिषद व रणनीतिक ग्रुप के साथ वर्चुअली बैठक की जिसमें महंगाई, कोरोना, पंचायत चुनावों और संगठन प्रशिक्षण शिविरों के मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक में प्रियंका ने कहा कि एनडीए सरकार के दौर में बढ़ती महंगाई से जनता परेशान है। पेट्रोल-डीजल, सरसों तेल, फल-सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। किसानों से जुड़े मुद्दे पर उन्होंने कहा कि छुट्टा जानवर से किसान बेहाल है। किसान की लागत दोगुनी हुई है लेकिन आय घटी है। पंचायत चुनावों में बड़ी पैमाने पर हिंसा की घटनाओं पर उन्होंने योगी आदित्यनाथ की यूपी सरकार पर निशाना साधा।

पंचायत चुनावों के दौरान हुई हिंसा को लेकर किया था ट्वीट
यूपी पंचायत चुनाव में हिंसा को लेकर पिछले दिनों प्रियंका ने एक ट्वीट में लिखा था, ‘ पीएम साहब और सीएम साहब इसके लिए भी बधाई दीजिए कि यूपी में आपके कार्यकर्ताओं ने कितनी जगह बमबाजी, गोलीबारी, पत्थरबाजी की। कितने लोगों का पर्चा लूटा। कितने पत्रकारों को पीटा. कितनी जगह महिलाओं से बदतमीजी की। कानून व्यवस्था की आंख पर पट्टी बांधकर, लोकतंत्र का चीरहरण चल रहा है।’
