
किरावली। तहसील क्षेत्र के गांव पुरामना की दलित बस्ती में लंबे समय से बने जलभराव ने ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी नीलम तिवारी से मुलाकात कर शीघ्र समाधान की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलभराव के चलते गांव का मुख्य मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो चुका है, जिससे आमजन, किसान, छात्र-छात्राओं और श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण श्री गोविंद जी महाराज मंदिर, चंपा कमल बालिका इंटर कॉलेज, मंदिर श्री कुंडा धाम सहित नगला टोडू, नगला हट्टी, निनवाया और नगरिया गांवों तक पहुंचना भी दूभर हो गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या के समाधान के लिए वे पूर्व में संपूर्ण समाधान दिवस में कई बार शिकायत पत्र दे चुके हैं, लेकिन संबंधित विभागों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। आरोप यह भी है कि विभागीय स्तर पर झूठी आख्या लगाकर उच्चाधिकारियों को गुमराह किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो वे एसडीएम कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। साथ ही आंदोलन के दौरान किसी भी प्रकार की जन-धन हानि की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों की होगी।