
पीलीभीत। पूर्णागिरि धाम दर्शन के लिए जा रहे लखनऊ के पांच युवकों की कार सोमवार तड़के असम हाईवे पर रोडवेज बस से टकरा गई। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पूरनपुर से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे लखनऊ से पूर्णागिरि धाम जा रही कार पूरनपुर से लगभग पांच किलोमीटर दूर मोड़ पर सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गई। हादसे में थाना काकोरी लखनऊ के कटिहर गांव निवासी अभिषेक यादव (28) की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार अन्य चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें थाना बिजनौर के नजमाबाद निवासी सागर यादव, रहीमाबाद निवासी शिवम यादव, गोसाईगंज निवासी अनीस सिंह यादव और रहीमाबाद लखनऊ के सचिन शामिल हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल सीएचसी पूरनपुर भेजा, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक और घायलों के परिजनों को सूचना दे दी है।