रेल ट्रैक पर मिला अज्ञात महिला का शव, पुलिस ने सुरक्षित रखा

जसवन्तनगर/इटावा। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर शुक्रवार सुबह राजपुर गांव के पास डाउन लाइन के खंभा संख्या 1173/30-32 के निकट एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शव सबसे पहले पॉइंटमैन संदेश बाबू ने देखा और तुरंत ऑन ड्यूटी स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी।

निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। उपनिरीक्षक जितेंद्र चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। पुलिस ने आसपास के लोगों से मृतक महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया, जहां उसे 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा ताकि पहचान की जा सके। आसपास के थानों में भी मृतक महिला की पहचान के लिए जानकारी साझा की गई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार महिला की मौत ट्रेन दुर्घटना से हुई प्रतीत होती है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का स्पष्ट कारण सामने आएगा।