लखनऊ-आलमनगर रेलखंड का महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण: संरक्षा-यात्री सुविधाओं पर दिया जोर

लखनऊ। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने सोमवार को लखनऊ से आलमनगर स्टेशन के बीच विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल ट्रैक, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा संरक्षा मानकों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने ट्रैक अनुरक्षण को और बेहतर बनाने, स्टेशन परिसरों की स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखना जरूरी है।

लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था और संरक्षा उपायों की गहन समीक्षा

निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे निर्धारित कार्यक्रम के तहत आलमनगर से बरेली के लिए आगे निरीक्षण यात्रा पर रवाना हो गए। इसी क्रम में लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने आलमनगर स्थित गुड्स साइडिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साइडिंग में उपलब्ध आधारभूत संरचना, लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था और संरक्षा उपायों की गहन समीक्षा की।

मंडल के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइडिंग से जुड़े सभी कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और दक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि न केवल राजस्व में वृद्धि हो, बल्कि ग्राहकों को भी बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक शूरवीर सिंह चौहान सहित मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।