आसमान से आफत: बारिश-बिजली के कहर में 11 की मौत, फसलों पर डबल मार

लखनऊ। प्रदेश में अचानक बदले मौसम ने तबाही मचा दी है। तेज बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली की घटनाओं में कुल 11 लोगों की मौत हो गई, जिससे कई जिलों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बिजली गिरने से 9 लोगों की जान गई, जबकि अलग-अलग हादसों में 2 अन्य लोगों की मौत हुई है।
सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा और झांसी समेत कई जिलों में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। मौसम में आए इस बदलाव के चलते तापमान में औसतन 12.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
बारिश और ओलों की मार सबसे ज्यादा किसानों पर पड़ी है। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल और कटाई के लिए तैयार सरसों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई जगहों पर फसलें पूरी तरह बर्बाद होने की खबर है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को फील्ड में उतरकर फसलों को हुए नुकसान का तत्काल आकलन कराने को कहा है।
इसके साथ ही राहत आयुक्त को निर्देशित किया गया है कि वे फील्ड अधिकारियों के साथ सीधा समन्वय बनाए रखें। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि फसलों को हुई क्षति का सही आकलन कर समयबद्ध तरीके से मुआवजा वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिल सके।
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच प्रशासन अलर्ट मोड में है और लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की जा रही है।