Manika Vishwakarma: राजस्थान की बेटी मनिका ने रचा इतिहास, मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 का ताज अपने नाम किया

Manika Vishwakarma: राजस्थान की मिट्टी से निकली एक और चमकती हुई रोशनी जिसने अपने सपनों को सिर्फ देखा ही नहीं, बल्कि उन्हें सच भी कर दिखाया। श्रीगंगानगर की रहने वाली मनिका विश्वकर्मा बनीं साल 2025 की मिस यूनिवर्स इंडिया। जयपुर में आयोजित ग्रैंड फिनाले में जब उनके नाम की घोषणा हुई, तो उनकी आंखें भर आईं और पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

Manika Vishwakarma: राजस्थान की बेटी का कमाल

राजस्थान के छोटे से शहर से निकलकर मिस यूनिवर्स इंडिया बनने तक का सफर आसान नहीं था। लेकिन मनिका का सपना बचपन से ही बड़ा था। महज़ 4 साल की उम्र में जब उन्होंने सुष्मिता सेन की फिल्म ‘मैं हूं ना’ देखी, तो उनके मन में यह ख्वाहिश घर कर गई. कि एक दिन वह भी ताज पहनकर भारत का नाम रोशन करेंगी।

सुष्मिता सेन उनके लिए सिर्फ़ एक स्टार नहीं, बल्कि रोल मॉडल थीं। और इसी रोल मॉडल को फॉलो करते-करते उन्होंने अपनी मेहनत और जुनून से वो मुकाम हासिल कर लिया, जिसका सपना कई लड़कियां देखती हैं। मनिका मानती हैं कि उनके सपनों को पंख देने का काम उनके परिवार ने किया।

श्रीगंगानगर से दिल्ली तक का सफर उन्होंने परिवार की हौसला अफजाई के दम पर पूरा किया। और इसी वजह से जैसे ही उनके नाम का ऐलान हुआ, उनकी नज़रें सीधे अपने परिवार की ओर गईं और उनकी आंखों से खुशी के आंसू बह निकले।

दिल्ली में पॉलिटिकल साइंस की स्टूडेंट मनिका, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शख्सियत से बेहद प्रभावित हैं। उनका कहना है कि पीएम मोदी की मेहनत, देश सेवा का भाव और भारत को ताकतवर बनाने का विज़न उन्हें प्रेरित करता है। यही वजह है कि वह फैशन की दुनिया में रहकर भी समाज और देश के लिए योगदान देना चाहती हैं।

मनिका कहती हैं कि राजस्थान की मिट्टी और इसकी संस्कृति उनकी रगों में बसी है। दुनिया के जिस भी कोने में जाएंगी, वहां वह राजस्थान की खूबसूरती और भारतीय नारी की शक्ति का संदेश ज़रूर देंगी।

छोटे शहरों और गांव की बेटियों के लिए मनिका का संदेश साफ है जगह छोटी नहीं होती, सपने बड़े होने चाहिए। अगर हिम्मत और मेहनत हो, तो कोई सपना अधूरा नहीं रहता।अब पूरा देश उनकी ओर उम्मीद भरी निगाहों से देख रहा है.

नवंबर में होने वाली मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में जब मनिका भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, तो न सिर्फ़ राजस्थान बल्कि पूरा हिंदुस्तान उनके साथ होगा। और शायद दुनिया एक बार फिर भारतीय सौंदर्य और नारी शक्ति के आगे सिर झुका दे।