
एत्मादपुर (आगरा)। राष्ट्रीय राजपूताना यूथ ब्रिगेड की एक महत्वपूर्ण बैठक जनक प्लेस, राजपुर चुंगी आगरा में आयोजित की गई, जिसमें संगठन की भावी रणनीति और वर्तमान मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय सलाहकार ओ. पी. सिंह धाकरे ने की, जबकि संचालन राष्ट्रीय सह महासचिव अमर राजावत द्वारा किया गया।
बैठक का मुख्य एजेंडा यूजीसी एक्ट को लेकर रहा। उपस्थित सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में यूजीसी एक्ट का विरोध करते हुए कहा कि जब तक यह एक्ट वापस नहीं लिया जाता, तब तक संगठन का आंदोलन जारी रहेगा। वक्ताओं ने कहा कि यह विषय केवल शिक्षा से जुड़ा नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय और अधिकारों से भी संबंधित है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
बैठक में आगामी 8 मार्च को दिल्ली में प्रस्तावित महाआंदोलन को सफल बनाने पर विशेष जोर दिया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि घर-घर, गांव-गांव और कस्बों में जाकर सवर्ण समाज के लोगों को जागरूक किया जाएगा और अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन समाज की एकजुटता और अधिकारों की रक्षा के लिए निर्णायक साबित होगा।
तत्पश्चात संगठनात्मक बदलावों की घोषणा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सिंह परमार ने संगठन में फेरबदल करते हुए शैलेन्द्र राघव को सर्वसम्मति से आगरा मंडल अध्यक्ष मनोनीत किया। उनके मनोनयन की घोषणा होते ही उपस्थित कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। सभी ने माला पहनाकर शैलेन्द्र राघव का जोरदार स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संगठन के मुखिया जितेन्द्र सिंह सिकरवार ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने के लिए युवा नेतृत्व को आगे लाया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शैलेन्द्र राघव के नेतृत्व में आगरा मंडल में संगठन की गतिविधियां और अधिक सक्रिय होंगी।
बैठक में संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें आर. एस. गहलोत, चिराग तोमर, लक्ष्मण सिंह सेंगर, राजेश जादौन, डॉ. राकेश सिकरवार, डीबीएल अध्यक्ष एत्मादपुर मकरध्वज सिंह धाकरे, गवेन्द्र सेंगर, मनीष धाकरे, लोकेंद्र सिकरवार, खजाना सिंह धाकरे, हेमंत तोमर, राघवेन्द्र जादौन, रवि धाकरे, लाल सिंह परमार, अनुज परमार, संजय चौहान, बब्लू ठाकुर सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे।
बैठक के अंत में सभी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर कहा कि समाज के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए राजपूताना यूथ ब्रिगेड हर स्तर पर संघर्ष करती रहेगी।