
जसवंतनगर/इटावा। रविवार रात नगर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की बारात राजसी धूमधाम और आभा के साथ निकाली गई। हर तरफ “जय श्रीराम” और “रामचंद्र की जय” के उद्घोष गूंज उठे। दूल्हा बने कौशल्या नंदन राम की प्रथम आरती समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व क्षेत्रीय विधायक शिवपाल सिंह यादव के सुपुत्र, बदायूं सांसद आदित्य यादव ने उतारी और बारात का शुभारंभ किया।
रामलीला समिति ने सांसद आदित्य यादव का प्रतीक चिन्ह, तिलक-वंदन और रामनामी पटका ओढ़ाकर स्वागत किया। आदित्य यादव ने दूल्हा बने भगवान राम से आशीर्वाद भी लिया।
इस भव्य शोभायात्रा में दशरथ, गुरु विश्वामित्र, वशिष्ठ, भरत, लक्ष्मण, शत्रुघ्न, दुर्गा जी, भगवान शंकर, बिहारी जी आदि की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। वहीं काली मां का अखाड़ा, राधा-कृष्ण झांकी और मेरा नाम जोकर रोड शो ने सभी को मंत्रमुग्ध किया। बैंड-बाजों की मधुर धुन पर बाराती झूमते-नाचते सड़कों पर चल रहे थे।
राम बारात रामलीला मैदान से शुरू होकर बस स्टैंड चौराहा, मिडिल स्कूल रोड होते हुए जनकपुर रूपी बिलैया मठ पर संपन्न हुई। नगरवासियों ने जगह-जगह दूल्हा बने भगवान राम का स्वागत किया और आरती उतारी। सुरक्षा व्यवस्था सीओ आयुषी सिंह के निर्देशन और इंस्पेक्टर संजय सिंह की अगुवाई में चाक-चौबंद रही।
इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष हीरालाल गुप्ता, राजीव गुप्ता बब्लू, अजेंद्र सिंह गौर, डॉ. पुष्पेंद्र पुरवार, एड. राजेंद्र गुप्ता, अनिल गुप्ता, नरेश यादव पप्पू, रतन पांडे समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जसवंतनगर की धरोहर: सांसद आदित्य यादव
सांसद आदित्य यादव ने कहा कि जसवंतनगर की मैदानी रामलीला विश्व पटल पर अपनी विशेष पहचान रखती है। यह यहां की धरोहर है, जिसे और भव्य रूप में आगे ले जाने की आवश्यकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी और शिवपाल सिंह यादव परिवार हमेशा रामलीला महोत्सव को भव्य बनाने में योगदान देता रहेगा। साथ ही भाजपा सरकार को जनविरोधी बताते हुए कहा कि उसकी नीतियों से किसान, व्यापारी और युवा वर्ग सभी परेशान हैं।