
फतेहाबाद।होली के पर्व पर क्षेत्र में जगह-जगह रंगोत्सव की धूम देखने को मिली। पूर्व मंत्री Ramsakal Gurjar के पैतृक गांव गढ़ी दरियाव में गुरुवार को पारंपरिक उत्साह के साथ होली खेली गई। ग्रामीणों और समर्थकों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पूरे गांव में उत्सवी माहौल बना रहा।
होली मिलन कार्यक्रम के दौरान ढोल की थाप और पारंपरिक होली गीतों पर लोग झूमते नजर आए। रंग और गुलाल से पूरा गांव सराबोर दिखाई दिया। इस दौरान पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर ने भी सभी को गले लगाकर होली की बधाई दी और आपसी भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।
वहीं भाजपा नेता नितिन वर्मा के फिरोजाबाद रोड स्थित पेट्रोल पंप पर भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यहां भी समर्थकों और क्षेत्रवासियों ने जमकर अबीर-गुलाल उड़ाया और होली के गीतों के बीच उत्सव का आनंद लिया।
इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख अमर सिंह गुर्जर, सुरेश जरारी, प्रदीप दौनेरिया, आलोक गुप्ता, मनोज गुप्ता, अंकित ओझा, अंकित गुप्ता और अजय जादौन समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।