गौ सेवा आयोग सदस्य रमाकांत उपाध्याय ने गौशालाओं का किया औचक निरीक्षण, दिए दिशा-निर्देश

बरहन। गौ सेवा आयोग सदस्य एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त उत्तर प्रदेश सरकार के रमाकांत उपाध्याय ने शनिवार को मितावली, घड़ी भंडार और आहरण गौशालाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सरकारी डॉक्टरों, ग्राम प्रधानों और सचिवों को गायों की उचित देखभाल, इलाज और भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान रमाकांत उपाध्याय ने ग्रामीणों को जानकारी दी कि सरकार द्वारा एक गाय पालने पर प्रति माह ₹1500 दिए जाते हैं। जो व्यक्ति गौशालाओं से गाय लेकर अपने घर में उसका पालन-पोषण करता है, उसे भी सरकार की ओर से हर महीने ₹1500 की धनराशि प्रदान की जाती है। उन्होंने कहा कि गाय हमारे देश और समाज के लिए अत्यंत उपयोगी है। देसी गाय का दूध बच्चों और बड़ों दोनों के लिए पौष्टिक होता है और गाय का मूत्र कई बीमारियों को दूर करने में सहायक है।

इस अवसर पर उन्होंने नगला पचौरी में बायोगैस प्लांट का उद्घाटन किया और घड़ी भंडार गौशाला से एक किसान को एक गाय दान स्वरूप भेंट की। जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं और पटका पहनाकर मंत्री का स्वागत किया।

कार्यक्रम में दुष्यंत कुमार, नवल किशोर, रवि त्यागी, दुर्गा जी, राजेंद्र भाई साहब, मोनू ठाकुर, ऋषि शर्मा, डॉक्टर तिलक सिंह समेत विश्व हिंदू परिषद और गौ सेवा संगठन के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।