
रामनगर, बाराबंकी। 37 करोड़ पौधरोपण महाअभियान 2025 के अंतर्गत बुधवार को पूरे उत्तर प्रदेश में एक ही दिन में 37 करोड़ पौधे रोपित किए गए। इसी क्रम में रामनगर क्षेत्र में “एक पेड़ मां के नाम – जनक लली मेरी प्यारी मां वाटिका” का शुभारंभ किया गया, जिसने अभियान को एक भावनात्मक और सांस्कृतिक गहराई प्रदान की।
राज्य स्तर पर यह अभियान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा अयोध्या व आजमगढ़ में, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा बाराबंकी में, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मेरठ में और डॉ. ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में पौधरोपण कर प्रारंभ किया। रामनगर में श्रीमती माया सोनी, सचिन, अतुल और अमित द्वारा आम के पौधे रोपित कर इस महाअभियान को स्थानीय स्तर पर जीवंत रूप दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामजी तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष – राष्ट्रवादी किसान क्रांति दल, ने पौधरोपण कर वाटिका का उद्घाटन किया। उनके साथ उनकी सुपुत्री रिचा तिवारी, डॉ. सुमन अवस्थी (जिला अध्यक्ष – महिला प्रकोष्ठ), शिवा तिवारी, हरीश मिश्रा, विश्वनाथ सोनी, कृष्ण कुमार यादव (पत्रकार), प्रख्यात समाजसेवी कमलेश पांडे, आदेश मौर्य, आनंद अवस्थी (पत्रकार), गिरिजा शंकर दीक्षित सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक व ग्रामीण उपस्थित रहे।
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, बल्कि मातृप्रेम को वृक्षों के माध्यम से स्मृति में बसाने की एक सराहनीय पहल भी की गई।