रामनगर थाना परिसर में नवनिर्मित बहुउद्देशीय कक्ष का लोकार्पण, बैठक और समाधान दिवस के लिए बेहतर व्यवस्था

रिपोर्ट : पंकज चतुर्वेदी

रामनगर (बाराबंकी)। थाना परिसर में नवनिर्मित बहुउद्देशीय कक्ष का लोकार्पण मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया। वैदिक मंत्रोच्चारण और करतल ध्वनि के बीच शिलापट का अनावरण तथा फीता काटकर कक्ष का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बहुउद्देशीय कक्ष के निर्माण से थाना परिसर में होने वाली सभी प्रकार की बैठकों और थाना समाधान दिवस के आयोजन के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होगी। साथ ही अधिकारियों, कर्मचारियों और फरियादियों को धूप और वर्षा से राहत मिलेगी तथा अनावश्यक आर्थिक व्यय की भी बचत होगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पहले खुले स्थान पर कार्यक्रम आयोजित करने के कारण असुविधा होती थी, लेकिन अब इस कक्ष के बन जाने से सुव्यवस्थित वातावरण में बैठकों का संचालन किया जा सकेगा। उन्होंने कक्ष की भव्यता और व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा संतोष जताया कि यह निर्माण कार्य थाना प्रशासन और आमजन दोनों के लिए उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत एवं थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडे ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। समारोह में तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र कुमार, सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव श्रीवास्तव, डॉ. स्वपनिल सिंह, इंस्पेक्टर सुभाष यादव, उप निरीक्षक बीपी सिंह, चौकी इंचार्ज महादेवा अभिनंदन पांडे, उप निरीक्षक सत्रोहन सहित भारी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहे।
थाना परिसर में इस बहुउद्देशीय कक्ष के लोकार्पण को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे जनसुनवाई और समाधान दिवस जैसे आयोजनों को अधिक व्यवस्थित ढंग से संपन्न किया जा सकेगा।