
रामनगर। तीन बाइकों की जोरदार भिड़ंत में दो सिपाही और एक महिला सहित आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

रविवार सुबह करीब 9 बजे जनपद श्रावस्ती के लक्ष्मण नगर थाना सोनवा निवासी 20 वर्षीय मनीष मिश्रा पुत्र पप्पू मिश्रा अपनी बाइक से 25 वर्षीय अनीता पत्नी विपिन को लेकर लखनऊ जा रहे थे। ग्राम दलसराय के समीप तेज रफ्तार के चलते बाइक का संतुलन बिगड़ गया और आगे चल रहे बाइक सवार श्रद्धालु 23 वर्षीय अजीत पुत्र कमलेश व 20 वर्षीय सनी पुत्र रामबाबू निवासी थाना अचलगंज, उन्नाव को जोरदार टक्कर मार दी।
इसी दौरान मसौली की ओर से आ रहे सिपाही हरिवंश और शुभम यादव की बाइक भी दोनों बाइकों से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों बाइकों पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।