
भटनी, देवरिया। क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। नोनापार-प्यासी-सलेमपुर मार्ग के चौड़ीकरण व उच्चीकरण को शासन की स्वीकृति मिल गई है। करीब 17 करोड़ 09 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बरसात में जर्जर हालत और आवागमन में कठिनाई की वजह से यह सड़क लंबे समय से लोगों की परेशानी का सबब बनी हुई थी। अब इसके चौड़ीकरण से न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का कहना है कि सड़क निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा। इस परियोजना को लेकर क्षेत्रवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क उनके जीवन में राहत और विकास की नई राह खोलेगी।
जनप्रतिनिधियों ने इस उपलब्धि को जनता को समर्पित करते हुए आश्वासन दिया कि आने वाले समय में क्षेत्र के विकास की और भी योजनाएं धरातल पर उतरेंगी।