
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून से दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आ रही हैं। उनका आगमन गोरखपुर एयरपोर्ट पर होगा। वहां से वह सीधे गोरखनाथ मंदिर जाएंगी, जहां दर्शन-पूजन के बाद सर्किट हाउस में विश्राम करेंगी। इसके उपरांत वह एम्स गोरखपुर में आयोजित पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।
अगले दिन, 1 जुलाई को राष्ट्रपति भटहट क्षेत्र के पिपरी स्थित उत्तर प्रदेश आयुष विश्वविद्यालय के लोकार्पण समारोह में भाग लेंगी। लगभग एक घंटे के कार्यक्रम के बाद वह सोनबरसा बालापार स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय जाएंगी, जहां वह अकादमिक भवन, ऑडिटोरियम, पंचकर्म केंद्र का लोकार्पण और गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास करेंगी। इसके पश्चात वह पुनः गोरखनाथ मंदिर जाएंगी।
राष्ट्रपति के स्वागत को लेकर गोरखपुर शहर पूरी तरह से सज-धज कर तैयार है। भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जगह-जगह स्वागत की तैयारियों में जुटे हैं। नगर निगम ने शहर में सफाई, दीवारों पर सुंदर पेंटिंग और सजावट का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। राष्ट्रपति के स्वागत हेतु नगर निगम ने 5000 राष्ट्रीय ध्वज मंगवाए हैं, जिन्हें आम नागरिक, पार्षद, सफाईकर्मी आदि हाथों में लेकर सड़क के किनारे खड़े रहेंगे।
एयरपोर्ट से सर्किट हाउस व गोरखनाथ मंदिर तक स्वागत की भव्य तैयारियां चल रही हैं। नगर निगम स्ट्रीट लाइट समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कर रहा है। राष्ट्रपति के प्रवास के दौरान 48 घंटे तक निर्बाध विद्युत आपूर्ति रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत जमीन से आसमान तक तीन स्तरीय सुरक्षा कवच तैयार किया गया है। साथ ही, राष्ट्रपति के काफिले को ध्यान में रखते हुए यातायात रूटों में परिवर्तन किया गया है।
राष्ट्रपति करेंगी वृक्षारोपण:
महायोगी गुरु गोरखनाथ विश्वविद्यालय में राष्ट्रपति हरश्रृंगार का पौधा लगाएंगी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मौलश्री का पौधा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आंवला का पौधा रोपेंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा राष्ट्रपति के स्वागत की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
गोरखपुरवासियों के लिए यह ऐतिहासिक अवसर है, जब देश की प्रथम नागरिक का आगमन हो रहा है और शहर उन्हें दिल खोलकर स्वागत देने को तैयार है।