
कोसीकला। रतिराम सरपंच की 31वीं पुण्यतिथि पर उनके पैतृक गांव संचोली में उनके सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
रतिराम सरपंच खाप पंचायत एवं ग्रामीण अंचल में चौपाल संस्कृति के समर्थक थे। उन्होंने पंचायत के माध्यम से समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने और ग्रामीण न्याय व्यवस्था को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूर्व में उनके लिए किए गए निर्णय आज भी लोगों द्वारा सराहे जाते हैं।
इस अवसर पर उनके सम्मान में रामायण पाठ एवं हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सभी बिरादरियों के प्रमुख लोग उपस्थित रहे। मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी ने कहा कि गांव में टूटती चौपाल संस्कृति को पुनः बहाल किया जाएगा और पंचायत के माध्यम से भाईचारा कायम करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने रतिराम सरपंच द्वारा दिखाए गए मार्ग का अनुसरण करने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ममता चौधरी, मनोज फौजदार, भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे, ब्लॉक प्रमुख सुंदरी देवी, रूबी चौधरी, मेनका चौधरी, हनी चौधरी, छाता ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह, कर्मवीर चौधरी, विवेक चौधरी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र सिंह, प्रधान संचोली श्याम सुंदर, पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, राजवीर सिंह और डॉ. भारत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।