
लखनऊ। रंगों के पावन पर्व होली के अवसर पर रकाबगंज स्थित आर.के. पैलेस में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जहां रंग, संगीत और आपसी अपनत्व का खूबसूरत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और प्रेम व भाईचारे का संदेश दिया।
समारोह में सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी एडवोकेट प्रदीप सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का त्योहार समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूत करने का संदेश देता है और ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम के आयोजक राजेश कुमार जायसवाल (ऑक्सीजन मैन) ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने वाला पर्व है। इस अवसर पर लोग पुराने मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशी और उल्लास के साथ त्योहार मनाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम समाज में सहयोग और सौहार्द की भावना को मजबूत करते हैं।
समारोह के दौरान लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और मिठाइयों का वितरण किया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप, होली के पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया। उपस्थित लोगों ने नृत्य और संगीत के साथ होली के रंगों में सराबोर होकर पर्व का भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम में यहियागंज व्यापार मंडल के महामंत्री राजकुमार, भाजपा पार्षद गिरीश चंद्र गुप्ता सहित सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।