
फतेहपुर–बाराबंकी। जनपद बाराबंकी में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल चार लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पहली घटना थाना मोहम्मदपुर खाला कोतवाली क्षेत्र के मोहारी पुलिया के पास हुई, जहां बाइक सवार पति-पत्नी हादसे का शिकार हो गए। बिहूरा निवासी 40 वर्षीय राम मनोहर पुत्र नान्हू अपनी पत्नी सावित्री के साथ छेदा बेटी की तबीयत खराब होने की सूचना पर उसे देखने गए थे। वापस लौटते समय रास्ते में पैदल जा रहे युवक को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में राम मनोहर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी पत्नी सावित्री को मामूली चोटें आईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद राम मनोहर की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं सावित्री को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
दूसरी घटना बेलहरा कस्बे के मौर्या मार्केट में सोमवार की देर शाम सामने आई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। मझगांवा निवासी बाबूराम बाइक से अपने घर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे विजयराम की बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्र में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और यातायात नियमों के सख्त पालन की मांग की है।