रोडवेज बस खड़ी ट्रक से टकराई, चालक की मौत, 9 यात्री घायल

मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के प्रयागराज मार्ग पर कोदहूं के पास शनिवार सुबह करीब पांच बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। सिविल लाइन्स डिपो की रोडवेज बस खड़ी ट्रक से जा टकराई, जिसमें बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार रोडवेज बस लगभग 40 यात्रियों को लेकर प्रयागराज से टांडा जा रही थी। जैसे ही बस कोदहूं के पास पहुंची, सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।


सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालकर एंबुलेंस से स्थानीय पीएचसी भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में बस चालक सतीश गुप्ता (46) निवासी ग्राम लवायन भावनपुर, थाना खुटहन, जौनपुर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


घायलों में राकेश कुमार, मयंक सिंह, अनिल पटेल, राजकुमार, रामचंद्र निषाद, सूरज कुमार, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार यादव और नीरज बिंद शामिल हैं। सभी का इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी के अनुसार प्रथम दृष्टया बस के अनियंत्रित होने से हादसा हुआ प्रतीत हो रहा है, हालांकि मामले की जांच जारी है।